महापौर रेणु बाला गुप्ता ने पार्षदों को वार्ड कमेटियां सक्रिय तथा नागरिकों को जागरूक करने के दिए निर्देश।
9 दिनों में करीब 1100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा उठाया, करीब 80 प्रतिशत कचरे के ढेर किए समाप्त- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।
करनाल 27 अगस्त,
        शहर में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच स्वच्छता व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने निगम पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में शहर की वर्तमान स्वच्छता स्थिति, कचरा उठान, डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण तथा हड़ताल के दौरान नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर एवं निगमायुक्त ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध होगी कार्रवाई।
निगमायुक्त ने बताया कि सरकार की ओर से स्पष्टï निर्देश हैं कि सफाई कार्य में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न करना उचित नहीं है। किसी कर्मचारी का हड़ताल पर जाना यह अधिकार नहीं देता कि वह अन्य कर्मचारियों को उनके कार्य करने से रोके, जो शहर की सफाई व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य में व्यवधान डालता है या अन्य कर्मचारियों को कार्य करने से रोकता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
1100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा उठाया, 80 प्रतिशत कचरे के ढेर समाप्त।
नगर निगम आयुक्त ने बैठक में महापौर एवं पार्षदों को शहर की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाते हुए बताया कि नौ दिनों में नगर निगम की टीम द्वारा करीब 1100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से उठाया जा चुका है। करीब 80 प्रतिशत कचरे के ढेर समाप्त कर दिए गए हैं। कचरा उठान के लिए नगर निगम के उपलब्ध संसाधनों का लगातार उपयोग किया जा रहा है तथा विभिन्न क्षेत्रों में टीमों को भेजकर सफाई व्यवस्था को सामान्य करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम पूरी मेहनत, कर्मठता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है। शहर के जिन क्षेत्रों में कचरा जमा हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई करवाई जा रही है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण जारी रखने के सख्त निर्देश।
निगमायुक्त ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण का कार्य लगातार जारी है। इसे नियमित रूप से चलाने को लेकर संबंधित एजेंसी को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए तथा एजेंसी यह सुनिश्चित करेगी कि निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जाए।
उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था को लेकर अन्य संबंधित विभागों के साथ भी बैठक की गई हैं और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पार्षद वार्ड कमेटियों को करें सक्रिय, नागरिकों को करें जागरूक- महापौर।
महापौर ने सभी पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में वार्ड कमेटियों को सक्रिय करें और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और उसे एक स्थान पर एकत्रित रखें। नगर निगम की टीम द्वारा कचरा उठाया जा रहा है और आगे भी उसे नियमित रूप से उठाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पार्षद और आमजन नगर निगम टीम का सहयोग करेंगे, तो शहर की सफाई व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया जा सकता है।
शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश।
महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण का कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता सीधे तौर पर नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। सभी को अपने स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देना चाहिए।
हड़ताल समाप्त करवाने के लिए सरकार कर रही हर संभव प्रयास।
महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उत्पन्न स्थिति को सामान्य करने तथा हड़ताल समाप्त करवाने के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। यूनियन प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से बैठकें की जा रही हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इसका समाधान निकलेगा।
उन्होंने पार्षदों से भी अपील की कि वे सफाई कर्मचारियों से संवाद करें और उन्हें समझाएं कि शहर सभी का है तथा इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन को अपना कार्य करने दिया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छता से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कचरे के ढेर समाप्त करने पर विशेष जोर।
निगमायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सीधे निर्देश जारी किए गए हैं कि शहरों में कचरे के ढेर समाप्त किए जाएं तथा डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण व्यवस्था को निरंतर जारी रखा जाए। नगर निगम करनाल की टीम इन निर्देशों के तहत लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा उठान के साथ-साथ उपलब्ध विभिन्न संसाधनों का उपयोग करते हुए शहर के अलग-अलग हिस्सों में जमा कचरे को हटाया जा रहा है। उन्होंने पार्षदों से भी अपील की कि वे इस अभियान में नगर निगम टीम का सहयोग करें और अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखें।
पार्षद नागरिकों के साथ मिलकर चला सकते हैं सफाई अभियान।
निगमायुक्त ने कहा कि पार्षद अपने-अपने वार्डों में नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मार्केट एसोसिएशन, दुकानदार और आम नागरिक अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों का कचरा सडक़ों पर न फेंककर एक जगह एकत्र करके रखेंगे, तो कचरा उठान व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन, पार्षद, मार्केट एसोसिएशन और आमजन मिलकर कार्य करेंगे तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सामान्य बनाए रखना संभव होगा। सामूहिक प्रयासों से न केवल शहर साफ-सुथरा रहेगा, बल्कि पर्यावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस पर सभी पार्षदों ने महापौर व निगमायुक्त को आश्वस्त किया कि वह वार्ड को साफ-सुथरा बनाए रखने में एक टीम के रूप में कार्य करेंगे।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा तथा मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा भी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *