कुरुक्षेत्र, 12 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विधि विभाग में एंटी रैगिंग सप्ताह का शुभारंभ 12 अगस्त को किया गया। एंटी रैगिंग दिवस के रूप में मनाते हुए विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों, इसके विरुद्ध बनाए गए नियमों तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में एंटी रैगिंग कमेटी के संयोजक प्रोफेसर महावीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में डीन तथा चेयरपर्सन प्रोफेसर प्रीति जैन, इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के निदेशक प्रो. अमित लूदरी, प्रो. अजीत सिंह चहल, डॉ. प्रमिला तथा डॉ. पूजा सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और एंटी रैगिंग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रैगिंग से दूर रहने, किसी भी प्रकार की रैगिंग की घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने तथा परिसर में सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रो. प्रीति जैन ने कहा कि एंटी रैगिंग केवल एक सप्ताह तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की गरिमा, सुरक्षा और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर चलने वाला सामूहिक प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान “युवा सशक्तिकरण” विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। प्रो. अमित लूदरी ने कहा कि युवा किसी भी संस्थान और राष्ट्र की शक्ति हैं तथा उन्हें भयमुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षित परिसर, आपसी सम्मान, अनुशासन, नेतृत्व और युवा सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करना रहा। एंटी रैगिंग सप्ताह के अंतर्गत 18 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को रैगिंग के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. दीप्ति चौधरी, डॉ. प्रियंका चौधरी, डॉ. अंजू बाला, डॉ. आरुषि मित्तल, डॉ. सुनील भारती, डॉ. उर्मिला,डॉ बबीता सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।
