कुरुक्षेत्र, 12 अगस्त। तिरंगा राष्ट्रप्रेम, एकता और हमारे गौरव का प्रतीक है। जब हम तिरंगे को अपने हाथों में थामते हैं, तो हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, महापुरुषों और राष्ट्र नायकों का स्मरण होता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और अपने प्राणों की आहुति दी। तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, गर्व और एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश के प्रति अटूट प्रेम और सम्मान को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है, जो देश के युवाओं और जन-जन में  देशभक्ति का जोश और उत्साह भर रही है। यह उद्गार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कुलगुरु कार्यालय से विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए व्यक्त किए। इस तिरंगा यात्रा में हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कुलगुरु प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि हाथों में तिरंगा लिए हमारे युवाओं के चेहरों पर जो उत्साह और उमंग नजर आ रही है, उसे देखकर हम सभी अत्यंत उत्साहित और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन महान विभूतियों से प्रेरणा लेते हुए हमें भी यह संकल्प लेना चाहिए कि अपने देश और अपनी मातृभूमि के लिए आज के समय में हम अपना क्या योगदान दे सकते हैं। देशहित में जो भी उचित और आवश्यक होगा, उसे करने के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे। इसी राष्ट्रभक्ति और संकल्प की भावना के साथ आज हम तिरंगे के साथ अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। आइए, पूरे उत्साह और गर्व के साथ भारत माता का जयघोष करें।
तिरंगा यात्रा कुलगुरु कार्यालय के प्रांगण से भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारों के साथ आरंभ हुई और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, शाखाओं, संस्थानों, पुस्तकालय, आईआईएचएस, डीन बिल्डिंग व अन्य कई स्थानों से होकर निकली जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रॉक्टर प्रो. अनिल गुप्ता, डीवाएसीए निदेशक प्रो. विवेक चावला, चीफ वार्डन प्रो. जसबीर ढांडा, प्रो. मोहिंदर चंद, मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रो. आनंद कुमार, प्रो. कृष्णा देवी, प्रो. प्रीति जैन, प्रो. डीएस राणा, प्रो. अमित लूदरी, कुटा प्रधान डॉ. जितेन्द्र खटकड़, प्राचार्या प्रो. रीटा, प्रो. कुसुमलता, प्रो. निरूपमा भट्टी, प्रो. दीपक राय बब्बर, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, उप-निदेशिका डॉ. जिम्मी शर्मा, प्राचार्या डॉ. सुखविन्द्र सिंह, प्रो. अर्चना चौधरी, प्रो. शुचिस्मिता, डॉ. निधि माथुर, डॉ. रमेश कुमार, प्रैस मैनेजर रामेश्वर सैनी, कुंटिया प्रधान राजवंत कौर, कुलगुरु के ओएसडी पवन रोहिल्ला, विनोद वर्मा सहित शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *