कुरुक्षेत्र, 12 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 13 अगस्त को विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य भारत विभाजन के दौरान हुए व्यापक मानवीय कष्ट, विस्थापन और बलिदानों को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी को एकता, शांति और सद्भाव के मूल्यों से जोड़ना है।
प्रो. ए.आर. चौधरी ने बताया कि विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से आयोजित होने वाले इस विशेष व्याख्यान में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव लेफ्टिनेंट (प्रो.) वीरेंद्र पाल ‘विभाजन की त्रासदी’ विषय पर अपने विचार रखेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों की पीड़ा और संघर्ष को स्मरण करने के साथ-साथ वर्तमान और भावी पीढ़ी को शांति, भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकीकरण का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस व्याख्यान के माध्यम से देश के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को समझने तथा उससे मिलने वाले मानवीय एवं सामाजिक संदेशों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रो. पूनिया ने बताया कि छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सभी की सहभागिता न केवल इस विषय पर सार्थक विमर्श को समृद्ध करेगी, बल्कि इतिहास से सीख लेते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी।
