कुरुक्षेत्र, 12 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में बुधवार को भारतीय पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में एस. आर. रंगनाथन दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. जोगिंदर सिंह ने कहा कि डॉ. रंगनाथन के सिद्धांत आज भी बदलते हुए पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं के क्षेत्र में प्रासंगिक हैं। उनके विचारों ने पुस्तकालयों को ज्ञान एवं सूचना के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभाग के शिक्षक, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. एस. आर. रंगनाथन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुस्तकालय विज्ञान के विकास में उनके अग्रणी योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के माध्यम से डॉ. रंगनाथन की महान विरासत को याद करते हुए विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अंजली अग्रवाल सहित विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
