कुरुक्षेत्र, 12 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ द्वारा महिन्द्रा गर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम के सहयोग से छात्राओं के लिए छः दिवसीय व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान की प्रिंसिपल डॉ. रीटा दलाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के आत्मविश्वास, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ व्यावसायिक जीवन में सफलता के लिए आवश्यक कौशलों को विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व एवं करियर को नई दिशा देने का आह्वान किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुमारी नैन्सी प्रशिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम का संयुक्त समन्वय संस्थान के महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. पूनम कुमारी एवं नन्दी फाउंडेशन की समन्वयक अंकिता पाटीयाल द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला प्रकोष्ठ की टीम के सदस्यों डॉ. विनीत कुमार, डॉ. ऋतु सैनी एवं कुमारी तनु का विशेष योगदान रहेगा। कार्यक्रम में डॉ. वन्दना भी उपस्थित रही।
