कुरुक्षेत्र, 10 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भूभौतिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अध्यक्ष तथा भूकंप विज्ञान उन्नत अध्ययन केंद्र के समन्वयक  प्रो. बी.एस. चौधरी को नेपाल भूवैज्ञानिक सोसायटी द्वारा प्रकाशित जर्नल ऑफ नेपाल जियोलॉजिकल सोसायटी’ के संपादकीय मंडल में संपादक नियुक्त किया गया है। नेपाल जियोलॉजिकल सोसायटी के अध्यक्ष भास्कर खतिवड़ा की ओर से की गई यह नियुक्ति दो वर्ष के लिए की गई है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु ’’प्रो. सोमनाथ सचदेवा’’ ने प्रो. बीएस चौधरी को इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक दायित्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगी।
प्रो. बीएस चौधरी को शिक्षण, शोध एवं शैक्षणिक प्रशासन का ’’36 वर्षों से अधिक का अनुभव’’ है। उनके 100 से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे भू-स्थानिक तकनीक, जल संसाधन, आपदा एवं पर्यावरण प्रबंधन, जल-भूभौतिकी तथा निकट सतही भूभौतिकी के विशेषज्ञ हैं। प्रो. चौधरी चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी के संस्थापक कुलसचिव तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें जर्मनी की फ्राईबर्ग विश्वविद्यालय में डीएएडी छात्रवृत्ति, 18वें आईएसपीआरएस सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोध-पत्र पुरस्कार तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का ’’सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता (सहयोग)-2022’’ पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। उन्होंने 14 शोधार्थियों को पीएचडी तथा 45 से अधिक एम.टेक. शोध प्रबंधों का सफल मार्गदर्शन किया है। वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं के संपादकीय मंडल एवं समीक्षक के रूप में भी जुड़े हुए हैं तथा स्प्रिंगर प्रकाशन से चार पुस्तकों का सह-संपादन कर चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *