कुरुक्षेत्र, 8 अगस्त : श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि सावन के महीने में जरूरतमंदों की सेवा और दान-पुण्य करना अत्यंत फलदायी माना जाता है। इस दौरान गरीबों, असहायों और भूखों को भोजन या आवश्यक सामग्री देने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और सभी कष्ट दूर होते हैं।
श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत एवं श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन (साया) के तत्वावधान में शनिवार को अग्रवाल धर्मशाला में संदीप गोयल द्वारा अपने पिताजी की पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में राहगीरों, यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान संदीप गोयल एवं उनके परिवार द्वारा भंडारे का आयोजन कर समाजसेवा एवं जनसेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ाने के प्रयास की सराहना की गई। कहा कि भारतीय संस्कृति में अपने पूर्वजों की स्मृति में सेवा कार्य करना एक महत्वपूर्ण परंपरा है। जरूरतमंदों एवं आमजन को भोजन करवाना मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है।
इस अवसर पर श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला, साया के प्रधान नवीन बंसल,अभय मित्तल, सुमित मित्तल, अमित रोहिल्ला, विनोद गर्ग (पप्पू), योगेश गर्ग सहित पंचायत एवं साया के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। अपने माता-पिता एवं पूर्वजों की स्मृति में इस प्रकार के सेवा कार्य करना न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
साया के प्रधान नवीन बंसल ने कहा कि साया द्वारा निरंतर सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। समाज के लोगों द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों पर भंडारे आयोजित करना सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *