करनाल। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में पार्षदों एवं पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विशेष सहभागिता करते हुए तिरंगा यात्रा की तैयारियों और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने को लेकर विस्तृत मंथन किया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक के मन में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी पार्षदों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने वार्डों में व्यापक जनसंपर्क करते हुए हर वर्ग के नागरिकों को यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग तिरंगे के सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक सशक्त होती है। उन्होंने यात्रा को भव्यता के साथ-साथ अनुशासित और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त की तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति की ऐसी जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करे, जो हर नागरिक के मन में देश के प्रति गर्व और समर्पण की भावना को और प्रगाढ़ करे। इस दौरान सभी ने ‘हर घर तिरंगा • हर दिल तिरंगा’ के संदेश के साथ 10 अगस्त की तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति के भव्य उत्सव के रूप में सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

हर वार्ड से जोड़ें नागरिकों को
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और सक्रियता से जुटें। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता केवल संख्या से नहीं, बल्कि उसमें दिखाई देने वाली राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना से तय होगी।
बैठक में यात्रा के मार्ग, व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान तथा नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए तिरंगा यात्रा को भव्य एवं यादगार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *