करनाल 8 अगस्त        ‘हर घर तिरंगा – 2026’ अभियान को सफल बनाने तथा इसे स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 की गतिविधियों के साथ जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम करनाल द्वारा विशेष गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त 2026 तक शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी से जन-अभियान बनाया जाए। इसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।

प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे ‘वंदे मातरम्’ थीम आधारित सेल्फी प्वाइंट।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर ‘वंदे मातरम्’ थीम आधारित सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इन सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से नागरिकों को तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना से जोड़ते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेल्फी प्वाइंट से संबंधित मार्ग एवं स्थान भी निर्धारित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें। नगर निगम की टीमों द्वारा इन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

हर घर तिरंगा पोर्टल पर भागीदारी के लिए किया जाएगा प्रेरित।
अभियान के दौरान नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में ऑनलाइन भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को harghartiranga.com के माध्यम से अभियान से जुड़ने के बारे में जानकारी दी जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर का प्रत्येक परिवार इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़े और अपने घर पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दे।

शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन और पार्कों में लगेंगी प्रदर्शनियां।
अभियान के अंतर्गत शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, शहर के प्रमुख पार्कों तथा स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों को तिरंगे के महत्व, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नगर निगम द्वारा इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों, जोन प्रभारियों एवं स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे तिरंगा वितरण स्टॉल।

शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा वितरण स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सोशल मीडिया के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार।

नगर निगम द्वारा अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान से संबंधित गतिविधियों की फोटो एवं जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की जाए, ताकि शहरवासियों तक अभियान का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे और अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।

स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 की गतिविधियों के साथ होगा समन्वय।
‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 की गतिविधियों के साथ जोड़ते हुए नागरिकों को स्वच्छता, जिम्मेदार नागरिकता, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का संयुक्त संदेश दिया जाएगा। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में अपने शहर को स्वच्छ रखने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूकता बढ़े।

महापौर ने शहरवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि करनाल के प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और संस्थान में तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने में नागरिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान और गरिमा का विशेष ध्यान रखते हुए अभियान में सहभागी बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा अभियान के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों, सेल्फी प्वाइंट, प्रदर्शनियों और तिरंगा वितरण कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को इससे जोड़ना है। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे अभियान की निगरानी में।
नगर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि 9 से 17 अगस्त तक निर्धारित सभी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें। सभी जोन इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्रों में गतिविधियों की निगरानी करेंगे। अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्ट भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत की जाएगी।
निगमायुक्त ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देशभक्ति की इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *