कुरुक्षेत्र, 4 अगस्त। शहर के प्रसिद्ध श्रीदुख भंजन मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति तथा देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हनुमान जी के भजनों का गुणगान किया। पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि भगवान हनुमान कलयुग के जागृत देवता हैं। सच्चे मन से उनकी आराधना करने वाले भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं तथा उन्हें शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। हमें उनके जीवन व चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए। हमें राम नाम का जाप करते रहना चाहिए। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कुलवंत सिंह भट्टी, प्रदीप तिवारी, दर्शन पाहवा, रमेश अरोड़ा, एच.के. पाल, ज्ञान चंद पराशर, राजकुमार शर्मा, सुशील शास्त्री, ओमप्रकाश शर्मा, हर्षित मिगलानी, दर्शन पुरी, राजपाल कोहली, डॉ. सत्य नारायण शर्मा, ललित लाली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
