कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के  मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी, अंबाला ग्रुप द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-137) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विद्यार्थियों को बधाई दी और  उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित करते हुए कहा कि यूआईईटी के 12 सदस्यीय दल ने अनुशासन, समर्पण और उत्साह के साथ अपने संस्थान का प्रतिनिधित्व किया तथा विभिन्न गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन किया।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) अजय जांगड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ कैडेटों की रिपोर्टिंग, पंजीकरण, दस्तावेज़ सत्यापन एवं आवास आवंटन के साथ हुआ। इसके उपरांत पीआई स्टाफ तथा शिविर अधिकारियों ने सभी कैडेटों को शिविर की दिनचर्या, नियमों एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। पूरे शिविर के दौरान कैडेटों ने समय की पाबंदी, अनुशासन और उत्कृष्ट आचरण का परिचय दिया।
शिविर के दौरान यूआईईटी के दल ने वरिष्ठ अवर अधिकारी (सीनियर अंडर ऑफिसर) संचित यादव के नेतृत्व में ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मानचित्र अध्ययन तथा बाधा प्रशिक्षण जैसी सैन्य गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर डॉ. पवन दीवान, डॉ. नरेश कुमार एवं भूतपूर्व सैनिक अजय शर्मा ने भी कैडेटों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *