* महापौर ने कहा— करनाल का ऑक्सी वन पूरे प्रदेश के लिए बना प्रेरणास्रोत,जनभागीदारी से सफल होगा पर्यावरण संरक्षण
* मुख्यमंत्री की दूरदर्शी पहल से शहरों के साथ गांव भी हो रहे हैं हरित, भावी पीढ़ियों को मिलेगा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण
करनाल। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में 70 नमो पार्क, प्रत्येक जिले में ऑक्सी वन तथा प्रत्येक गांव में पंचवटी विकसित किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए करनाल की महापौर एवं अखिल भारतीय महापौर परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेणु बाला गुप्ता ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा हरित विकास की नई पहचान स्थापित कर रहा है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करेगी।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस संदर्भ में अपने वक्तव्य में कहा कि करनाल को इस बात का गर्व है कि प्रदेश का पहला ऑक्सी वन यहीं विकसित किया गया, जिसने आज पूरे हरियाणा के लिए सफल मॉडल का रूप ले लिया है। करनाल का ऑक्सी वन न केवल नागरिकों को स्वच्छ हवा और प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध करा रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का भी प्रभावी केंद्र बन चुका है। अब प्रदेश के प्रत्येक जिले में ऑक्सी वन विकसित होने से हरियाणा हरित विकास की नई मिसाल कायम करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 70 नमो पार्क और गांवों में पंचवटी के निर्माण का निर्णय पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पंचवटी ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगी, जबकि नमो पार्क आधुनिक सुविधाओं से युक्त हरित सार्वजनिक स्थल के रूप में नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा “प्राण वायु देवता योजना” के विस्तार तथा बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान को गति देने का निर्णय भी अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से हरियाणा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो करनाल ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही साकार किया जा सकता है।
करनाल निगम निरंतर सक्रिय
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल नगर निगम भी पूर्ण सक्रिय दृष्टिकोण के साथ शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनभागीदारी अभियानों को निरंतर गति दे रहा है। नगर निगम का उद्देश्य करनाल को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है, ताकि यह प्रदेश के अन्य नगरों के लिए प्रेरणा बन सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *