करनाल, 1 अगस्त : सावन मास के पावन अवसर पर जिले में धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है। शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित प्राचीन उमेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक एवं भव्य ढंग से सजाया गया है। मंदिर में करनाल के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि उमेश्वर महादेव मंदिर शहर के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्रों में से एक है। सावन मास के दौरान यहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भक्तों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। उन्होंने बताया कि सावन के दौरान कांवडि़ए हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों से पवित्र गंगाजल लाकर अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कावड़ यात्रा चलेगी। 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के दिन भोले बाबा का जलाभिषेक किया जाएगा। सावन और महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान उमेश्वर मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाता है, जिससे पूरे परिसर का धार्मिक वातावरण और भी मनमोहक हो जाता है।
बॉक्स
मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मंदिर में 13 अगस्त से 19 अगस्त तक शिव महापुराण का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण सुनने से मनुष्य को पुण्य, पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इससे भगवान शिव की भक्ति बढ़ती है और जीवन के सभी दुख व कष्ट दूर होते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी मंदिर में पहुंचकर शिव महापुराण को सुने और बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
