कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता के नेतृत्व में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश देना था।
इस अवसर पर विभाग की प्रोफेसर डॉ. सुनीति ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है। यह न केवल शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि उसके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जन्म के पहले घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना प्रत्येक शिशु के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है।
सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को स्तनपान के वैज्ञानिक एवं आयुर्वेदिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मातृ पोषण, उचित परामर्श तथा परिवार के सहयोग को सफल स्तनपान की आधारशिला बताया।
डॉ. सुनीति ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला की अगुवाई में विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान विभाग में पूरे सप्ताह विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान स्तनपान के महत्व पर चर्चा, जागरूकता गतिविधियों एवं संदेश प्रसार के माध्यम से लोगों को स्तनपान अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी ने विश्व स्तनपान सप्ताह के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पीजी स्कॉलर्स डॉ. सुनीता, डॉ. पिंकी, डॉ. निधि, डॉ. ममता, डॉ. निशु, डॉ. प्रिया, डॉ. प्राजक्ता, डॉ. मंजू, डॉ. मुस्कान, डॉ. मनीषा, डॉ. इशिता, डॉ. साक्षी, डॉ. भूमिका व डॉ. अनीशा सहित अन्य उपस्थित रहीं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *