कुरुक्षेत्र, 29 जुलाई। श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने, उसे निरंतर निखारने तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन अध्यापिका श्रीमती नीलम ने किया।
प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 में किया गया। विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्र (सितार), गायन, नृत्य, पोस्टर तथा पेंटिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर पूरे समय तालियों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या पूजा शर्मा ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि टैलेंट हंट जैसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें उचित मंच प्रदान करने तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी उत्साह, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से पूरे विद्यालय में उत्साह, उमंग और हर्ष का वातावरण देखने को मिला।
बाक्स
विजेता छात्र
प्रतियोगिता के परिणामों में वाद्य यंत्र (सितार) वर्ग में कक्षा 7 के लगन ने प्रथम तथा कक्षा 7 की रितिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में कक्षा 10 के रणवीर प्रथम, कक्षा 6 के देवांश द्वितीय तथा कक्षा 6 के मोक्ष और कक्षा 6 के जशन तृतीय स्थान पर रहे। सांत्वना पुरस्कार कक्षा 6 के पूरव और देवभ को प्रदान किया गया। कक्षा 6 से 8 के नृत्य वर्ग में कक्षा 6 के रमनदीप और कक्षा 6 की मिष्ठी प्रथम रहे। कक्षा 8 की मिशिका और कक्षा 7 की परिधी ने द्वितीय, जबकि कक्षा 8 के त्रियम्ब और कक्षा 7 के गुनीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांत्वना पुरस्कार कक्षा 7 की नेहा, कक्षा 6 की पलक तथा कक्षा 8 की परी को दिया गया। वहीं कक्षा 9 से 12 के नृत्य वर्ग में कक्षा 10 की नवप्रीत प्रथम, कक्षा 10 की वंदना द्वितीय तथा कक्षा 9 की तन्नु तृतीय स्थान पर रहीं।
