करनाल। आमजन की समस्याओं के समाधान और जनता से निरंतर संवाद की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषय महापौर के समक्ष रखे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज व्यवस्था, पार्कों के रखरखाव सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर नागरिकों ने अपनी बात रखी। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतें सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना ही सुशासन की वास्तविक भावना है। उन्होंने कहा कि करनाल शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास में आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। नागरिकों के सुझाव और सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं और सुझावों को नगर निगम के समक्ष रखें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

अधिकारियों को दिए निर्देश
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर निर्णय लिए गए हैं, उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए, जिससे नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके। जनसुनवाई में नागरिकों ने महापौर की कार्यशैली, समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान के प्रति तत्परता की सराहना की। जनसंवाद की यह पहल नगर निगम और शहरवासियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *