कुरुक्षेत्र , 28 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण और पॉलिथीन मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जनकल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि०) हरियाणा द्वारा गुरु ब्रह्मानंद पार्क, सेक्टर-4 में कपड़े के थैलों का वितरण कर लोगों को पॉलिथीन का उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जनकल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि०) हरियाणा के अध्यक्ष दलबीर सिंह मलिक ने कहा कि आज प्लास्टिक और पॉलिथीन का बढ़ता उपयोग पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य तथा पशु-पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। यदि हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना चाहते हैं तो हमें आज से ही पॉलिथीन का त्याग कर कपड़े के थैलों को अपनाना होगा। मंच के महासचिव सरदार बलदेव सिंह सैनी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि बाजार जाते समय अपने साथ कपड़े का थैला लेकर जाए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दे सकते हैं। थैला वितरण कार्यक्रम में रामपाल सरोहा, धर्म सिंह जोगनाखेड़ा, के सी वर्मा, कुलदीप सिंह सैनी ,शिव किरमच,रामपाल डाबर इत्यादि ने बढ़ चढ़कर सहयोग दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों ने पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा कपड़े के थैले का अधिक से अधिक प्रयोग करने का संकल्प लिया।
