बाबैन, 27 जुलाई। राकेश शर्मा
रिपु सूदन सिंह गीता विद्या मंदिर, बाबैन में विद्या भारती हरियाणा प्रांत की 37वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि कैलाश सैनी ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मन को भी प्रफुल्लित एवं अनुशासित बनाते हैं। उन्होंने कहा कि “जीत का जश्न कुछ पल का होता है, लेकिन खेल भावना जीवनभर साथ रहती है। अनुशासन, मेहनत और समर्पण ही मैदान में वास्तविक सफलता दिलाते हैं।”विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम सैनी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में विद्या भारती हरियाणा प्रांत के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 625 खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. फकीर चंद शर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन जो खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों में भी मैदान नहीं छोड़ता, वही सच्चा खिलाड़ी होता है। खेल हमें केवल दौड़ना ही नहीं, बल्कि गिरकर दोबारा उठना भी सिखाते हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अनुशासन, खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।उद्घाटन समारोह में हिंदू शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष चेतराम शर्मा, उत्तर क्षेत्र के खेलकूद संयोजक मलखान सिंह, हरियाणा प्रांत खेलकूद संयोजक किशोर चौहान, कार्यक्रम संयोजक अंकित सैनी (शारीरिक आचार्य), सह संयोजक सत्यप्रकाश, कोषाध्यक्ष राम ऋषि, पर्यवेक्षक गुरनाम सैनी, हरकेश, सर्व व्यवस्था प्रमुख विनोद सिंगला, सह सर्व व्यवस्था प्रमुख राजकिशन तथा समिति सदस्य उपदेश सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, आचार्यगण, कर्मचारी एवं हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी और उनके संरक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रदेशभर से आए खिलाड़ी खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा विजेता टीमें आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
