कुरुक्षेत्र, 24 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि किसी भी बैठक में विभागाध्यक्ष अपने विभाग से संबंधित शिकायत और उनके समाधान की स्थिति की पूर्ण जानकारी के साथ ही उपस्थित हो। समाधान शिविरों और समीक्षा बैठक में विभागाध्यक्ष को ही उपस्थित रहना है। उपायुक्त ने बैठक से लगातार अनुपस्थित रहने और शिकायतों का निपटारा करने में लापरवाही बरतने वाले चार विभागों के अधिकारियों के खिलाफ नोटिस करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समाधान शिविर के दौरान विभागाध्यक्षों को शिकायतकर्ताओं के एकसाथ सुनवाई के लिए बुलाने के कहा गया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समाधान की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। बैठक में उन्होंने सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद पोर्टल, सीपीग्राम पोर्टल और एसएमजीटी पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा की। पेंडिंग शिकायतों से संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
उन्होंने सीएम विंडो पर आई बुजुर्ग महिला की शिकायत के मामले में जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को शिकायतकर्ता के घर स्वयं जाकर मौजूदा स्थिति जानने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समाधान न होने पर समाधान करने और फोटो सहित रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त कार्यालय भेजने को कहा गया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को जिला स्तर व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। इनमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। जिला में अभी तक समाधान शिविरों में 8417 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 5468 शिकायतों का निपटारा किया गया है, 2553 शिकायत रिजेक्ट की गई हैं, 286 शिकायतें पेंडिंग और 93 शिकायत रि-ओपन की गई हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा जिला के अलग-अलग स्थानों पर जन संवाद कार्यक्रमों का आयोजन करके नागरिकों की शिकायतों व समस्याओं को सुना जाता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास पर चंडीगढ़ जाकर नागरिकों द्वारा जा शिकायतें दी जाती है, उन्हें जन संवाद पोर्टल के माध्यम से हल किया जाता है। उन्होंने कहा कि जन संवाद पोर्टल पर अब तक कुल 555 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में से 164 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, 116 शिकायतों पर कार्रवाई चल रही है, 70 शिकायतों की एटीआर भेजी जा चुकी है और 69 शिकायत ओवरडयू हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसंवाद की प्रत्येक शिकायत पर उपायुक्त की अनुमति के साथ ही रिमार्क डाला जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सीएम विंडो पर अभी तक 12316 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 12038 शिकायतों को समाधान किया जा चुका है, जबकि 177 शिकायतों पर कार्रवाई चल रही है, 85 की एटीआर भेजी गई है और 122 शिकायत ओवरडयू हैं। सीएम विंडो के मामले में जिला ने 19वें स्थान से 13 वां स्थान हासिल किया है। अभी भी स्कॉर में जिला अन्य जिलों से काफी पीछे है। सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के अधिक से अधिक समाधान करके स्कोर को सुधार किया जाना है। सीएम विंडो की लंबे समय से लंबित 4 शिकायतकर्ताओं और संबंधित विभागों को आगामी समाधान शिविर में उपायुक्त ने स्वयं सुनवाई के लिए बुलाया गया।
इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ वीरेंद्र चौधरी, डीआरओ चेतना चौधरी, डीएसओ मनोज कुमार, डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह, जीएम रोडवेज समिंद्र सिंह, डीडीपीओ विकास कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
