करनाल, 24 जुलाई। उपायुक्त डॉ आनंद शर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम करनाल देवेन्द्र शर्मा ने आज उप तहसील निसिंग, पटवारखाना निसिंग, नगर पालिका कार्यालय निसिंग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निसिंग का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य व्यवस्था, रिकॉर्ड का अवलोकन तथा आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें तथा विभागीय कार्यों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें।
उन्होंने ने कहा कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें।
