करनाल, 20 जुलाई। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि जनता से सीधा संवाद उनके लिए केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम और आत्मिक संतोष का विषय है। वे सोमवार को प्रात: सेक्टर-13 स्थित कैम्प कार्यालय में करनाल के नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे।
विधायक जगमोहन आनंद ने अपने नियमित कार्यक्रम के तहत कैम्प कार्यालय पहुंचे अपने विधानसभा क्षेत्र के परिजनों से मुलाकात की और एक-एक कर सभी की शिकायतों और विषयों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने मौके पर ही समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को फोन कर समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि आम जनता की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करें।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में, वे जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि करनाल के हर परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम करना ही उनकी प्राथमिकता है। जनता का यही विश्वास और सहयोग उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है, जिसके दम पर वे क्षेत्र के विकास और जन-कल्याण के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जगमोहन आनंद का आभार व्यक्त किया।
