करनाल। शहर के समग्र एवं संतुलित विकास की यात्रा के अंतर्गत महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को वार्ड-5 में मेरठ रोड से गांव कटला बाग तक 80 एमएम मोटाई की इंटरलॉकिंग टाइलों की लेइंग एवं रिलेइंग के विकास कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर करनाल विधायक जगमोहन आनंद, वार्ड पार्षद सुभाष काम्बोज सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मेरठ रोड से गांव कटला बाग तक इंटरलॉकिंग टाइलों का यह कार्य क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती देगा तथा लोगों को वर्षों तक बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जनसेवा, विकास और नागरिक सुविधाओं का निरंतर विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी के स्नेह, सहयोग और विश्वास के साथ हम करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से करनाल में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
वार्ड पार्षद सुभाष काम्बोज ने क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने और विकास कार्यों को गति देने के लिए महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं विधायक जगमोहन आनंद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन सुविधा का लाभ मिलेगा।
शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने विकास कार्य के लिए महापौर और विधायक का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में करनाल में विकास की गति इसी प्रकार निरंतर बनी रहेगी।
