करनाल। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सोमवार को महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं विधायक जगमोहन आनंद ने वार्ड-8 में जगद्गुरु स्वामी ब्रह्मानंद चौक से साईं मंदिर चौक तक सेंट्रल वर्ज के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर चेयरपर्सन मेघा भंडारी, वार्ड पार्षद संकल्प भंडारी, अर्बन मंडल उपाध्यक्ष अलका चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठजन भी मौजूद रहे।
आयोजन में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, हरित, व्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण स्वरूप प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल वर्ज का सौंदर्यीकरण क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा तथा नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और आकर्षक शहरी वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनहित से जुड़े विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के कार्य निरंतर गति से करा रहा है।
महापौर ने कहा कि नागरिकों के सहयोग, विश्वास और सहभागिता से “स्वच्छ, सुंदर और विकसित करनाल” का संकल्प लगातार साकार हो रहा है। उन्होंने शहरवासियों से विकास कार्यों में सहयोग देने तथा सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का भी आह्वान किया।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम के समन्वित प्रयासों से करनाल में विकास कार्य नई गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे कार्य शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी क्षेत्र में शुरू हुए इस सौंदर्यीकरण कार्य का स्वागत करते हुए इसे शहर की सुंदरता और आधुनिक विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
