करनाल। नगर के समग्र एवं सुनियोजित विकास की दिशा में  समन्वित प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं विधायक जगमोहन आनंद ने रांवर रोड से सेक्टर-4 एवं 5 के पीछे, 4-टीएन होते हुए जीटी रोड (नेशनल हाईवे-44) तक सड़क के विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की इस जनहितकारी विकास परियोजना का शुभारंभ चेयरपर्सन मेघा भंडारी तथा वार्ड पार्षद संकल्प भंडारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान जन संवाद में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम एवं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता थी, जिसके पूर्ण होने से हजारों नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में करनाल में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं और शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सड़क न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि करनाल के आधारभूत ढांचे को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि सड़क का विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सतीश कुमार मित्तल, जसवीर राणा, अनिल, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने विकसित करनाल, सशक्त हरियाणा और जनहित के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास की यह यात्रा निरंतर इसी गति से आगे बढ़ती रहेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *