करनाल, 20 जुलाई।   डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने आज शामगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर मिड डे मील योजना की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर स्वयं मध्याह्न भोजन ग्रहण किया तथा विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं पढ़ाई के संबंध में बातचीत कर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने मिड डे मील से संबंधित स्टॉक रजिस्टर, राशन स्टॉक व सामग्री का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

डीसी ने विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं स्टाफ को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिकता है। मिड डे मील समय पर और मेन्यू के अनुसार तैयार किया जाए। भोजन में पोषक तत्वों का ध्यान रखा जाए ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास हो सके।

विद्यार्थियों के साथ बैठकर खाया भोजन  
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मिड डे मील की गुणवत्ता परखने के लिए विद्यार्थियों के साथ पंक्ति में बैठकर स्वयं भोजन ग्रहण किया। उन्होंने बच्चों से भोजन के स्वाद, मात्रा और साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भोजन को स्वादिष्ट और पौष्टिक बताया। इस दौरान डीसी ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों के बारे में भी बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर एडीसी डा. राहुल रईया भी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *