करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक शुभारंभ के अवसर पर करनालवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। इसके लिए सभी सम्मानित जन शुक्रवार को सुबह नौ बजे डॉ. मंगलसेन सभागार अवश्य पहुंचें, जहां पूरे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
इस संदर्भ में अपने वक्तव्य में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि उनकी जन्मभूमि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का विषय है। यह उपलब्धि भारत के हरित, आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि स्वयं उनके लिए भी यह क्षण विशेष रूप से भावनात्मक और गौरवपूर्ण है क्योंकि 17 जुलाई को उनकी अपनी जन्मभूमि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होने जा रहा है। यह केवल जींद या हरियाणा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे भारत की वैज्ञानिक क्षमता, आधुनिक सोच और पर्यावरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। निस्संदेह, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायी संबोधन 17 जुलाई यानि शुक्रवार को प्रातः नौ  बजे करनाल स्थित डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में लाइव प्रसारित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, जिला परिषद के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
महापौर ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी उद्बोधन के साक्षी बनें तथा अधिक से अधिक लोगों को भी इस ऐतिहासिक आयोजन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी का प्रेरक अभियान है।

इको-फ्रेंडली होगा आयोजन
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विशेष रूप से कहा कि यह आयोजन ग्रीन इंडिया और क्लीन इंडिया की भावना को समर्पित है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कार्यक्रम स्थल तक यथासंभव पैदल, ई-रिक्शा अथवा सीएनजी वाहनों का उपयोग करते हुए पहुंचें। इससे न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रभावी संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन ही भविष्य के भारत की पहचान बनने जा रहे हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का सक्रिय सहभागी बनना चाहिए।

दूरदर्शी नेतृत्व का उदाहरण
आयोजन में व्यापक और सक्रिय जन भागीदारी का आह्वान करते हुए भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के विजन का ऐतिहासिक उदाहरण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से इस गौरवपूर्ण अवसर पर अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा इको-फ्रेंडली अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *