कुरुक्षेत्र, 15 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएमसी एंड एमटी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने की।
प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण, नैतिक मूल्यों और आधुनिक तकनीकी दक्षता से सुसज्जित कर उनके सपनों को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य में संस्थान विद्यार्थियों को डिजिटल मीडिया, मल्टीमीडिया, एआई आधारित मीडिया तकनीकों, शोध और नवाचार से जोड़कर उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर रहा है।
उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की उपलब्धियों तथा जनसंचार एवं पत्रकारिता, मल्टीमीडिया, प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग तथा ग्राफिक्स एवं एनीमेशन जैसे पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. मधुदीप, डॉ. आबिद अली, राहुल अरोड़ा, डॉ. रीतु एवं डॉ. सचिन वर्मा ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों, प्रयोगशालाओं, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और रोजगार संभावनाओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आबिद अली ने किया। स्वागत समारोह के बाद हरियाणा सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉ. अभिनव, डॉ. रोशनलाल मस्ताना, डॉ. प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, अमित जांगड़ा, डॉ. रीतु, सुनीता एवं प्रीति, गैर-शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी रोहित, भूपेंद्र, स्वीटी, रवीना, सुनील कुमार एवं सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने नए शैक्षणिक सत्र के सफल संचालन तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
