कुरुक्षेत्र, 14 जुलाई। हरियाणा वन विकास निगम के अध्यक्ष रवि सैनी ने कहा कि आमजन को हरियाणा वन विकास निगम द्वारा निर्मित फर्नीचर उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उनकी पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख क्षेत्र में निगम के फर्नीचर का एक शो-रूम स्थापित किया जाए। इससे लोगों को निगम द्वारा तैयार किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक फर्नीचर उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त होगी तथा वे सीधे निगम से फर्नीचर खरीद सकेंगे।
हरियाणा वन विकास निगम के अध्यक्ष रवि सैनी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र स्थित हरियाणा वन विकास निगम की फर्नीचर इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने फर्नीचर इकाई में संचालित विभिन्न गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रिया तथा निर्मित किए जा रहे फर्नीचर उत्पादों का अवलोकन किया और इकाई की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान हरियाणा वन विकास निगम के मुख्य महाप्रबंधक अंबाला रविन्द्र धनखड़, भारतीय वन सेवा महाप्रबंधक कुरुक्षेत्र  कुलविंदर सिंह, भारतीय वन सेवा तथा प्रबंधक कुरुक्षेत्र राजेश कुमार भी उपस्थित रहे। मुख्य महाप्रबंधक रविन्द्र धनखड़ ने अध्यक्ष रवि सैनी का पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा उन्हें हरियाणा वन विकास निगम की कार्यप्रणाली, विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों एवं निगम द्वारा संचालित परियोजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता की।
अध्यक्ष रवि सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत एक पौधा भी रोपित किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के महत्व पर बल दिया। उन्होंने फर्नीचर इकाई में निर्मित विभिन्न उत्पादों जैसे कार्यालय फर्नीचर, विद्यालयों में उपयोग होने वाले फर्नीचर, घरेलू फर्नीचर तथा अन्य लकड़ी आधारित उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनकी गुणवत्ता एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण उपरांत अध्यक्ष ने हरियाणा वन विकास निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं निगम की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि निगम की गतिविधियों का और अधिक विस्तार किया जाए तथा नवीन व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाते हुए निगम की आय एवं लाभ में वृद्धि के लिए प्रयास किए जाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा वन विकास निगम भविष्य में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करते हुए राज्य के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *