करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ अभियान के अंतर्गत आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से ही संभव हैं। प्रत्येक नागरिक यदि अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे तो शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
बैठक में शहरी क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के मूल उद्देश्य को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली और संस्कार है। नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने के लिए प्रभावी संवाद और जनसंपर्क गतिविधियों को गति दी जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से करनाल स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित शहर के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
बैठक में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने समस्त शहरवासियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी निभाएं।
कार्ययोजना पर गहन मंथन
बैठक में नगर निगम के एएमसी अशोक कुमार, नगर पालिका नारनौंद के चेयरमैन शमशेर लोहान, सचिव प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान की प्रगति और भावी कार्ययोजना पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
