करनाल, 13 जुलाई। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में किसी भी सूरत में अवैध कॉलोनियों को न पनपने दिया जाए। ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखें, जो बार-बार समझाने के बाद भी न माने, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक में डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से डिमोलिशन प्रोग्राम के तहत मार्च से जून माह में जिले के कंट्रोल्ड एरिया- अर्बन एरिया की 33 अवैध कॉलोनियों व निर्माण को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 13 को नए कारण बताओ नोटिस भेजे गए, 2 के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस विभाग को भेजा गया और 4 को रिकवरी नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों की तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के दौरान हुए खर्च को संबंधित तहसीलदार के माध्यम से जल्द रिकवरी करवाई जाए।
डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई जारी है। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाती है। बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इस संबंध में दोषियों के विरुद्ध मुकदमे भी दर्ज करवाए जाते हैं।
बैठक में एसडीएम देवेंद्र शर्मा, डीएसपी राजीव कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राजकुमार, जिला वन अधिकारी नवल किशोर, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता, नगर निगम अधिकारी, इंफोर्समेंट थाना के इंचार्ज भी मौजूद रहें।
