करनाल, 11 जुलाई। हरियाणा वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ वर्ष 2026 के तहत पौधा वितरण अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के अंतर्गत करनाल जिले में करीब 2.50 लाख पौधे स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों तथा आम नागरिकों को निशुल्क वितरित किए जाएंगे।
वन मंडल अधिकारी नवल किशोर ने बताया कि करनाल, असंध, इंद्री और घरौंडा रेंज की 11 वन नर्सरियों में लगभग 8.50 लाख छोटे तथा 2.50 लाख बड़े पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें से बड़ी संख्या में पौधे जनसहभागिता के माध्यम से वितरित किए जाएंगे, ताकि जिले में हरियाली बढ़ाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिले।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत फलदार, छायादार, सजावटी और औषधीय प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग ने नागरिकों, पंचायतों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक पौधे लेकर उनका रोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की है।
इन नर्सरियों से मिलेंगे निशुल्क पौधे
करनाल जिले की मंगलपुर, घरौंडा, मलिकपुर, मूनक, ऊंचाना, रंगरूटी खेड़ा, बालू, इंद्री, मूनक माजरा, बोडश्याम और कम्बोपुरा वन नर्सरियों से पौधे प्राप्त किए जा सकते हैं।
उपलब्ध होंगी अनेक प्रजातियां
नर्सरियों में नीम, पीपल, बरगद, शीशम, अर्जुन, जामुन, आंवला, आम, अमरूद, अनार, सहजन, नींबू, पपीता, कटहल, महुआ, बांस, गुलमोहर, अमलतास, कचनार, अशोक, सीता अशोक, मोलेश्री, हारश्रृंगार, तुलसी, गिलोय, बहेड़ा, इमली, कनेर, गुलाब, चांदनी सहित फलदार, छायादार, औषधीय और सजावटी पौधों की अनेक प्रजातियां उपलब्ध हैं।
