कुरुक्षेत्र, 3 जुलाई। भारतीय खेल प्राधिकरण (सांई) की इंटर्नशिप योजना के तहत सेवाएं दे रहे हॉकी कोच सुरेंद्र सिंह राठोर को जिला खेल विभाग की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। द्रोणाचार्य स्टेडियम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआईपीआरओ डॉ. नरेंद्र सिंह व जिला खेल अधिकारी मनोज ने की। इस दौरान हॉकी के राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय खिलाड़ी, प्रशिक्षु कोच और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हॉकी कोच सुरेंद्र सिंह राठौर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कोच नरेंद्र ठाकुर ने किया।
उन्होंने कहा कि हॉकी कोच सुरेंद्र सिंह राठौर जैसे युवा कोच नई ऊर्जा और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति लेकर आते हैं। इन्होंने बच्चों को फिटनेस, ड्रिब्लिंग, पेनल्टी कॉर्नर और वीडियो एनालिसिस की बारीकियां सिखाईं। इनके कार्यकाल में स्टेडियम में हॉकी के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य डिप्लोमा धारकों को जमीनी अनुभव देना और खेल नर्सरियों को प्रशिक्षित कोच उपलब्ध कराना है।
हॉकी कोच सुरेंद्र सिंह राठोर को इंटर्नशिप पर कुरुक्षेत्र भेजा गया था। उन्होंने द्रोणाचार्य स्टेडियम में संचालित हॉकी नर्सरी में लडक़े-लड़कियों को आधुनिक तकनीक से प्रशिक्षण दिया। कोच सुरेंद्र सिंह राठोर ने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती और यहां के खिलाडिय़ों ने मुझे कभी बाहरी महसूस नहीं होने दिया। यहां के बच्चों में सीखने की ललक और मेहनत करने का जज्बा कमाल का है। हॉकी की नर्सरी में बुनियादी ढांचा बेहतर है, बस निरंतर अच्छे कोच और एक्सपोजर की जरूरत है।
इस मौके पर डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह, डीएसओ मनोज कुमार, हाकी कोच नरेंद्र ठाकुर, सोहन लाल, साहिल कुमार, कोच जितेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त डीएसओ यशवीर सिंह, पूनम कुमार, अरुण, चांदराम मौजूद रहे।
