कुरुक्षेत्र, 3 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 5 जुलाई को आयोजित होने वाली सहायक जिला न्यायवादी परीक्षा 2026 की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुचारू व नकल रहित कराया जाएगा। एडीए की परीक्षा के लिए जिले में 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इसमें कुल 10620 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा के आयोजन के लिए जिला परिषद के सीईओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक जिला न्यायवादी परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा कर रहे थे। हरियाणा लोक सेवा आयोग के उप सचिव सतीश सैनी व सदस्य आनंद शर्मा ने बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस परीक्षा के लिए 6 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए सुबह 8:30 बजे से प्रवेश शुरू किया जाएगा, जोकि 9:50 बजे तक रहेगा। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में केवल पैन, एडमिट कार्ड और अपना पहचान पत्र ही लेकर जाने की अनुमति रहेगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के आदेशा प्रभारी रहेंगे। इसके साथ ही पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व पिपली चौक पर सुचारू यातायात व्यवस्था की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, ब्लू टूथ सहित हर प्रकार के यंत्र की पाबंदी रहेगी। उन्होंने बिजली व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कहा कि वो परीक्षा की अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत एवं जलापूर्ति उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के लिए विशेष बस सेवाएं सुबह 7 बजे से ही उपलब्ध कराएंगे और रूट चार्ट तैयार किया जाएगा। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं की व्यवस्था करवाई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान पानी की व्यवस्था करवाई जाएगी। परीक्षा के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई जाएगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वो समय रहते अपने परीक्षा केंद्र को ध्यान से देख लें और जितना जल्द हो सके समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
इस मौके पर एसडीएम पिहोवा गुरविंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
