कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में आयुर्वेदिक अस्पताल में शल्य तंत्र विभाग द्वारा निशुल्क बीएमडी कैंप लगाया गया। कैंप में 68 रोगियों की हड्डियों की जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुर्वेदिक परामर्श किया गया। बीएमडी जांच में बड़ी संख्या में मरीजों में हड्डियों की कमजोरी एवं अस्थि क्षय की समस्या पाई गई। 36 रोगियों में हड्डियों की प्रारम्भिक कमजोरी मिली। 12 रोगियों को अस्थि क्षय तथा 20 मरीजों की सामान्य रिपोर्ट आई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि लगभग 70 फीसदी मरीजों में हड्डियों की कमजोरी पाई गई, जो बढ़ती आयु, कैल्शियम एवं विटामिन-D की कमी, धूप की कमी, शारीरिक निष्क्रियता तथा असंतुलित जीवनशैली का परिणाम हो सकती है। शिविर में सभी मरीजों को उनकी प्रकृति एवं रोग की अवस्था के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक परामर्श एवं औषधियां प्रदान की गईं। साथ ही कैल्शियम युक्त संतुलित आहार, नियमित योग एवं व्यायाम तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी गई।
