करनाल, 3 जुलाई। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के दौरान कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज हैं। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि कोई भी सैक्टर या कॉलोनी का दो अलग-अलग मतदान केंद्रों में सैक्शन (अनुभाग) बना हुआ है क्योंकि दोनों मतदान केन्द्र एक ही इमारत में बनाए गए हैं। जिसकी वजह से मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए फार्म 6 दूसरे बीएलओ को दे दिए गए तथा परिवार के सभी सदस्य एक ही मतदान केन्द्र पर पंजीकृत न होकर अलग-अलग मतदान केन्द्र पर पंजीकृत है।
उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उन्हें भरवाकर प्राप्त करेंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका डिजिटाइजेशन भी करेंगे। सभी पात्र मतदाताओं को अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि परिवार चाहता है कि भविष्य में परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में हो, तो प्रारंभिक मतदाता सूची 2026 के प्रकाशन के बाद चलने वाले दावे व आपत्तियां अवधि के दौरान प्रपत्र-8 भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन का अनुरोध कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नए पात्र व्यक्तियों से अनुरोध है कि फार्म 6 भरते समय अपने परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण ठीक से भरे तथा उसी मतदान केन्द्र के बीएलओ को फार्म 6 जमा करवाएं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारम्भिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं विवरण की जांच अवश्य करें। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं और उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं, तो निर्धारित अवधि 21.07.2026 से 20.08.2026 तक के अन्दर प्रपत्र-8 भरकर आवेदन करें। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ को ईसीआईएनईटी ऐप से बुक या कॉल फिर टोल फ्री नम्बर 1950 के माध्यम से सम्पर्क कर सकते हैं।
