करनाल, 2 जुलाई। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 5 जुलाई को सहायक जिला अटॉर्नी (ग्रुप-बी) पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिला करनाल के 39 विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 11,904 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के तहत संपन्न कराने के लिए डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा, हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ज्योति बैंदा व उप सचिव सतीश ने वीरवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों और सुपरवाइजरों के साथ बैठक की।

बैठक में डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सफल तरीके से आयोजित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। संबंधित अधिकारी परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करना सुनिश्चित करें, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी केंद्रों की रिपोर्ट सौंपने और ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सुपरवाइजरों को परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बैठने की उचित व्यवस्था, पीने का पानी, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक मशीन, रैंप और व्हीलचेयर की समुचित व्यवस्था की जाए।

आयोग की सदस्य ज्योति बैंदा ने कहा कि किसी भी परीक्षा के सफल संचालन में परीक्षा निरीक्षकों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा निरीक्षकों की उचित ट्रेनिंग करवाएं और पूरी प्रक्रिया की जानकारी दें। यह अहम परीक्षा है, सभी को मिलकर संयम और जिम्मेदारी के साथ इस परीक्षा को सफल बनाना है। सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करें ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में आयोग के उप सचिव सतीश ने परीक्षा से जुड़े सभी विषयों पर अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के पहचान पत्र बनाए जाएं और बिना पहचान पत्र किसी को भी परीक्षा केंद्रों में जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नोडल अधिकारी से संपर्क करें।

 अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और पेन ले जाने की अनुमति
हरियाणा लोक सेवा आयोग के उप सचिव सतीश ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के भीतर केवल एडमिट कार्ड, फोटो युक्त पहचान पत्र और ब्लू या ब्लैक बॉल पेन ले जाने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय के परीक्षार्थियों को पगड़ी, कृपाण और कड़ा पहनने की अनुमति होगी, लेकिन उन्हें जांच के लिए परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। इसके अलावा विवाहित हिंदू महिलाओं को मंगलसूत्र पहनने की अनुमति रहेगी। इसके साथ परीक्षार्थियों के समान रखने की व्यवस्था परीक्षा केंद्रों पर की जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों का आह्वान किया कि वे परीक्षा केंद्रों पर कोई भी अनावश्यक समान न लेकर आए।

बैठक में एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *