करनाल, 2 जुलाई। कृषि उप-निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा इस खरीफ सीजन के दौरान किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए किसान कल्याण रथ यात्रा के रूप में एक महत्वपूर्ण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह रथ यात्रा हरियाणा प्रदेश में 30 दिनों के लिए निकाली जायेगी। यह रथ यात्रा हरियाणा प्रदेश के 6600 गांवों व जिला करनाल के 300 गांवों में आयोजित की जायेगी।
उन्होंने बताया कि इस रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, मृदा एवं जल परीक्षण, जल संरक्षित खेती, फसल अवशेष प्रबंधन, रासायनिक उर्वरकों का उचित व संतुलित प्रयोग, ड्रोन तकनीक, सोलर पम्प, आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली (ड्रिप व फव्वारा सिंचाई), बागवानी, पशुपालन व मत्स्य पालन की नवीनतम व आधुनिक तकनीक के बारे में गांव गांव जाकर जागरूक व प्रशिक्षित करना है साथ ही कृषि क्षेत्र में महिला किसानों की भागीदारी को बढ़ाना व किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और उन पर मिलने वाले आर्थिक अनुदान की जानकारी देना है।

डा. वजीर सिंह ने बताया कि यह रथ यात्रा प्रत्येक जिले के सभी खण्ड व गांवों में निकाली जायेगी जिससे जिले के अधिकतर किसानों तक पहुंचा जा सके। प्रत्येक जिले में 02 मोबाईल वैन के माध्यम से प्रतिदिन 10 गांवों का दौरा किया जायेगा। एक मोबाईल वैन प्रतिदिन 05 गांवों का दौरा करेगी। ये मोबाईल वैन अत्याधुनिक एवं नवीनतम एलईडी आडियो-विजुअल उपकरणों, साउंड सिस्टम, माइक्रोफोन, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, पावर बैकअप, इन्टरनेट सुविधा व प्रचार सामग्री से सुसज्जित होगी, जिनके माध्यम से किसानों को कृषि, बागवानी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन की डॉक्यूमेंट्री विडियों/फिल्में, कृषि क्षेत्र में किसानों की सफलता की कहानी, विषय विशेषज्ञों की सलाह, नवीनतम व आधुनिक तकनीक, शोध व योजनाओं के बारे में स्पष्ट संदेश व जानकारी दी जायेगी। प्रत्येक गांव में से लगभग 100 किसान इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर भाग लेगें। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी किसानों के लिए जल-पान व बैठने की व्यवस्था कृषि तथा किसान कल्याण विभाग द्वारा की जायेगी।

इन रथ यात्राओं में सभी विभाग जैसे कि कृषि, बागवानी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन के अधिकारी व कर्मचारी भाग लेंगे व अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं व आर्थिक अनुदान/सहायता की जानकारी व प्रशिक्षण किसानों को देगें। इसके साथ ही हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय करनाल व लाला लाजपतराय पशुचिकित्सा एवं पशुविज्ञान विश्वविद्यालय हिसार के वैज्ञानिक भी किसानों को अपने-अपने क्षेत्र से सम्बंधित नवीनतम व आधुनिक जानकारी देगें। किसानों को उपरोक्त विभागों से संबंधित सभी योजनाओं की प्रचार सामग्री/पुस्तिका भी वितरित की जायेगी।

उन्होंने सभी किसानों को यह आग्रह किया है कि वे बढ-चढ़कर इन कार्यक्रमों में हिस्सा लें व कृषि विशेषज्ञों की सलाह अपनाकर अपनी कृषि लागत को कम करते हुए अपनी पैदावार व आमदनी में वृद्धि करें एवं सरकार द्वारा दी जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठायें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *