करनाल, 1 जुलाई।   एडीसी डॉ. राहुल रईया ने कहा कि 5 जुलाई को सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक जिला करनाल के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में सहायक जिला अटॉर्नी (ग्रुप-बी) पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।  इस परीक्षा को सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करवाना हम सबकी ज्यादा जिम्मेदारी है। संबंधित अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करे। किसी भी स्तर पर लापरवाही ना बरतें।

एडीसी डॉ. राहुल रईया बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में  सहायक जिला अटॉर्नी  पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा की तैयारियों को लेकर आयोजित  बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के लिए करनाल में 39 सेंटर बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से आयोजित करवाना हम सभी का अहम लक्ष्य है। सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का वहन करना है, कोई लापरवाही न बरतें। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बैठक में एडीसी डा. राहुल रईया ने कहा कि अधिकारी परीक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनकी अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला में स्थापित परीक्षा केंद्रों की स्थिति और सुविधाओं से संबंधित रिपोर्ट देंगे। इसके अलावा सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सुपरवाइजर भी संबंधित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करके प्रबंधों का जायजा लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की दृष्टिगत पुलिस विभाग के जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है, उनकी सूची ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजर व सेंटर सुपरिटेंडेंट के साथ साझा की जाए। इसके अलावा परीक्षा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रूप से रखा जाए ताकि ट्रैफिक जाम की वजह से कोई भी बच्चा परीक्षा देने से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रेजरी से लेकर परीक्षा केंद्र तक पेपरों को लेकर जाने और वापिस लाने के समय पुलिस कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है।

उन्होंने जीएम रोडवेज को भी निर्देश दिए कि वे दूसरे जिलों में परीक्षा देने के लिए जाने वाले जिला के परीक्षार्थियों के लिए भी पर्याप्त मात्रा में बस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उन्हें समय पर रवाना करवाएं। इसके अलावा लोकल स्तर पर भी परीक्षार्थियों के लिए बसों की व्यवस्था रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अच्छे से बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की व्यवस्था, टॉयलेट की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, जैमर, बायोमेट्रिक मशीन रैंप व व्हील चेयर की समुचित व्यवस्था देखें ताकि परीक्षा देने के लिए आने वाले परीक्षार्थियों  को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *