अंबाला। 1 जुलाई से शुरू हुए रोटरी के नए वर्ष 2026-27 का स्वागत रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल ने समाज सेवा के संकल्प के साथ किया। क्लब के नवनियुक्त प्रधान रोटेरियन हरीश अरोड़ा ने अपने साथियों के साथ सबसे पहले मंदिर में माथा टेककर नए सत्र की शुरुआत की। इस कार्यक्रम मे रोटरी जोन 13 के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन राजकुमार शर्मा मुख्यातिथि रहे। इसके बाद डॉक्टर्स डे के अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान हरीश अरोड़ा ने कहा कि रोटरी सेवा का मंच है और सेवा कार्यों में किसी भी प्रकार की राजनीति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य उनके लिए बहुमूल्य है और सभी के सहयोग से वर्ष 2026-27 में रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष क्लब की प्राथमिकताओं में प्रत्येक सदस्य का सम्मान, प्रतिमाह क्लब कार्यक्रम एवं बोर्ड बैठक, प्रत्येक तिमाही में जनरल हाउस बैठक, वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, फैमिली डिनर, क्लब डायरेक्टरी का प्रकाशन, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग, रोटरी क्लब के नए भवन के हॉल का उद्घाटन तथा बंधन ट्रस्ट द्वारा निर्मित हॉल में फिजियोथेरेपी सेंटर की शुरुआत प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा गीता जयंती पर चाय-बिस्कुट सेवा और सिख गुरुओं के शहीदी दिवस पर लंगर सेवा सहित विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस मौके पर वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। हरीश अरोड़ा को प्रधान, रविंदर कुमार को सचिव, आकाश बंसल को वरिष्ठ उपप्रधान, अरुण गोयल को उपप्रधान, गौरव जग्गी को कैशियर, सुलभ उप्पल को क्लब फाउंडेशन चेयर, पुनीत बत्रा को क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर, बी.के. ओबेरॉय व राजेश चोपड़ा को क्लब पब्लिक इमेज चेयर, एम.के. मैनी को क्लब यंग लीडर्स कॉन्टैक्ट, टी.के. बजाज को रोटरैक्ट चेयरमैन, ओ.पी. मोंगिया को ऑडिटर, विवेक भटनागर को क्लब मेंबरशिप चेयर, राज कुमार पुरी को इंटरैक्ट चेयर, शुभम अग्रवाल को क्लब सर्विस प्रोजेक्ट चेयर तथा कमलप्रीत सभरवाल को क्लब एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से रोटरी क्लब अंबाला सेंट्रल नए सत्र में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा।
