पंचकूला। पुलिस ने मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग लड़कियों की जिंदगी बर्बाद होने से बचा ली। पुलिस ने महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित दोनों नाबालिगों को घूमाने, पैसे और नौकरी का लालच देकर मानव तस्करी और देहव्यापार में धकेलने वाले थे।
उनकी इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित योजना के तहत नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे और उन्हें आगे दूसरे स्थान पर ले जाकर बेचने और देहव्यापार में धकेलने की तैयारी कर रहे थे।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार यह मामला 26 जून को पीड़ित परिजनों की शिकायत पर दर्ज किया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी दो नाबालिग बेटियों को उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला घूमाने और पैसों का लालच देकर अपने साथ ले गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पहले महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दूसरे आरोपित युवक को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार दोनों आरोपित नाबालिग लड़कियों को पहले बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए, फिर उन्हें होटल में रखा गया और इसके बाद चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के रास्ते दिल्ली ले जाने की योजना बनाई गई थी। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
