कुरुक्षेत्र। संत कबीर जयंती के पावन अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल, कुरुक्षेत्र में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा 593 वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मानव मित्र मंडल के प्रधान भारतेंदु हरीश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिविर की अध्यक्षता स्टार रक्तदाता प्रशांत शर्मा ने की। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। मुख्य अतिथि भारतेन्दु हरीश ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है और यह सबसे बड़ा मानवीय एवं पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। शिविर अध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि नियमित रक्तदान व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। शिविर संयोजक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने युवाओं को नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि आज का युवा नशे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है। उन्होंने कहा, “युवाओं को नशे की सुई से दूर रहना चाहिए। नशे की सुई लगाने के बजाय रक्तदान की सुई लगाकर किसी जरूरतमंद का जीवन बचाइए। एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है, जबकि नशा व्यक्ति का जीवन बर्बाद कर देता है।” उन्होंने आगे कहा कि 30 जून को पुलिस लाइन कुरुक्षेत्र में प्रात: 9 बजे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है, कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर पुण्य अर्जित कर सकता है। इस अवसर पर उत्कृष्ट सामाजिक सेवा और नियमित रक्तदान के लिए कवलजीत को ‘स्टार रक्तदाता’ की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज में रक्तदान और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
