अंबाला शहर, 29 जून।
वार्ड नंबर 8 की निवासी एवं जनप्रतिनिधि गुजीत कौर ने मुख्य उपायुक्त, अंबाला को प्रार्थना-पत्र सौंपकर वार्ड के मतदान बूथों एवं मतदाता सूची की अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि वार्ड के सभी मतदान बूथों और मतदाता सूचियों की दोबारा समीक्षा कर क्षेत्रवार पुनर्गठन किया जाए, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

गुजीत कौर ने बताया कि वार्ड नंबर 8 में कुल 11 मतदान बूथ हैं, लेकिन मतदाताओं का विभाजन व्यवस्थित तरीके से नहीं किया गया है। कई स्थानों पर एक ही गली के कुछ मकान एक बूथ में दर्ज हैं, जबकि उसी गली के अन्य मकानों के मतदाता दूसरे बूथ में शामिल कर दिए गए हैं। कहीं कुछ मतदाताओं के बाद अन्य गलियों के वोटरों को जोड़ दिया गया है, जिससे मतदाता सूची पूरी तरह असंगठित दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण मतदाताओं, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), चुनाव कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को मतदाताओं की पहचान, सत्यापन और चुनाव संबंधी कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान बूथों में दर्ज होने से मतदान के दिन भी भ्रम और असुविधा की स्थिति उत्पन्न होती है।

प्रार्थना-पत्र में उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक मतदान बूथ में मलिक पैलेस क्षेत्र के मतदाताओं के साथ सोहनलाल स्कूल के आसपास रहने वाले मतदाताओं के नाम भी दर्ज कर दिए गए हैं, जबकि दोनों क्षेत्र भौगोलिक रूप से अलग हैं। इसी प्रकार दरजी वाला चौक क्षेत्र के मतदाताओं को भी अन्य दूरस्थ क्षेत्रों के साथ जोड़ दिया गया है, जिससे मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी होती है।

गुजीत कौर ने मुख्य उपायुक्त से आग्रह किया है कि वार्ड नंबर 8 के सभी मतदान बूथों एवं मतदाता सूचियों की निष्पक्ष समीक्षा कराकर उन्हें गली, मोहल्ला और क्षेत्रवार व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मतदान बूथों का वैज्ञानिक एवं भौगोलिक आधार पर पुनर्गठन किया जाता है तो मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों सभी को सुविधा मिलेगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया अधिक सुगम और पारदर्शी बन सकेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *