महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा ले युवा पीढ़ी: श्याम सिंह राणा
करनाल, 28 जून। 
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि युवा पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। काम और क्रोध पर विजय प्राप्त करके ही कोई व्यक्ति महापुरुष बन सकता है।
श्री राणा आज औंगद गांव में समस्त क्षत्रिय समाज की ओर से आयोजित महाराजा पृथ्वीराज चौहान की जयंती एवं मूर्ति अनावरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती इसलिए मनाई जाती हैं ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग और महापुरुष ही समाज के लिए प्रेरणा का असली स्रोत होते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान जैसे महान नायकों की जयंती किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रदेश के सभी 23 जिलों को मिलकर इसे मनाना चाहिए। महाभारत और श्रीकृष्ण के उपदेशों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन में लोभ और लालच से मुक्त होकर निष्काम कर्म करना चाहिए। काम और क्रोध पर विजय प्राप्त करके ही कोई व्यक्ति महापुरुष बन सकता है।
उन्होंने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि इतिहास में ऐसा कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता जहां किसी राजा ने युद्ध हारने और बंदी होने के बाद भी, शब्दभेदी बाण के माध्यम से शत्रु का खात्मा किया हो। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों और विशेष रूप से विदेश में रह रहे उन युवा प्रवासियों की सराहना की, जिन्होंने मातृभूमि और संस्कृति के प्रति गहरा लगाव दिखाते हुए इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। अंत में उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद रहने और अतिथियों का सम्मान करने के लिए स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इससे पहले मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बृज भूषण, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, पूर्व विधायक शशि परमार ने भी विचार रखे। इस मौके पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू, पूर्व मंत्री संजय सिंह, राहुल राणा, ठाकुर पूरण सिंह आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *