वार्ड कमेटी की बैठकों के माध्यम से होगा लाभार्थियों का सत्यापन, संबंधित वार्ड कमेटियों से संपर्क करने की नागरिकों से अपील।
करनाल 24 जून,
  हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम करनाल द्वारा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को पुन: गति प्रदान की जा रही है। उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार सभी वार्डों में वार्ड कमेटी अथवा एरिया सभा की बैठकें आयोजित कर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों की वैरीफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में एरिया सभा की बैठकों का आयोजन कर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, विधवा पेंशन तथा बुढ़ापा पेंशन के लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य शुरू किया गया था। हालांकि निर्धारित कोरम पूरा न होने के कारण बैठकों को स्थगित करना पड़ा था।
उन्होंने बताया कि सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए वार्ड अनुसार लाभार्थियों की सूची संबंधित वार्ड कमेटी के अध्यक्षों, सदस्यों, सचिवों, नोडल अधिकारियों एवं लिपिकों को उपलब्ध करवा दी गई है। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लाभार्थियों की पहचान एवं पात्रता की तस्दीक करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सत्यापन प्रक्रिया सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों का सही रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा तथा भविष्य में योजना के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उपायुक्त एवं निगम आयुक्त ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने संबंधित वार्ड की वार्ड कमेटी से संपर्क कर अपनी वैरीफिकेशन अवश्य करवाएं। लाभार्थियों के सहयोग से ही सत्यापन कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जा सकेगा तथा उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि सत्यापन संबंधी किसी भी सूचना के लिए अपने वार्ड कमेटी अध्यक्ष, सदस्य व सचिव से संपर्क कर सकते हैं। वार्ड कमेटी के अध्यक्ष सम्बंधित वार्ड पार्षद हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *