एडीसी डा. राहुल रईया ने ली दयालु-2 योजना के तहत प्राप्त आवेदन को लेकर समीक्षा बैठक
करनाल, 24 जून। 
एडीसी डा. राहुल रईया ने आज अपने कार्यालय में दयालु-2 योजना के तहत प्राप्त आवेदन को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला सांख्यिकी विभाग की तरफ से कुल आवेदनों की जानकारी दी। एक-एक मामले में विचार करने के बाद 13 मामलों में मुआवजे के लिए मंजूरी दी। एक मामले में विभाग मुख्यालय से मार्गदर्शन लिए जाने का निर्णय हुआ और 17 मामलों में नियम पूरे न होने पर रिजेक्ट किए जाने का फैसला लिया गया।
एडीसी डॉ राहुल रईया ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु-2) सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। जिसमें बेसहारा पशुओं के मामले में पीडि़त लोगों व परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाती है। कोई भी परिवार जिसमें कोई सदस्य जो बेसहारा पशुओं के हमले या पशुओं के कारण घायल हो जाते हैं, या फिर किसी सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो पात्र परिवार हादसे के 90 दिन के भीतर-भीतर दयालु-2 योजना के तहत आवेदन करें, ताकि नियमानुसार उन्हें मुआवजा दिलाया जा सके।
एडीसी ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और आपसी समन्वय बढ़ाते हुए पात्र व्यक्तियों तक योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। योजना के तहत सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा पशुओं (जैसे गाय, बैल, कुत्ता, नीलगाय, गधा, खच्चर आदि) के हमले या काटने की घटनाओं में मृत्यु या स्थायी दिव्यांग होने पर आयु वर्ग के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। विशेष प्रावधान के तहत कुत्ते के काटने की स्थिति में प्रति दांत के निशान के आधार पर 10,000 की सहायता दी जाती है। वहीं, 70 प्रतिशत से कम दिव्यांग होने पर कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम 1923 के अनुसार आनुपातिक लाभ दिया जाएगा।योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना आवश्यक है तथा परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। इस योजना में आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। घटना हरियाणा राज्य की सीमा के भीतर हुई होनी चाहिए और ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करना जरूरी है। संबंधित अधिकारी भी आवेदनकर्ताओं के आवेदन में मदद करें। किसी आवश्यक कागजात की कमी हो तो उसे पूरा करवाएं। ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके। आवेदनों का बारीकी से निरीक्षण करें।
बैठक में एसीयूटी सोहम शैलेन्द्र, डीएसपी कुलदीप, आरटीए विजय देशवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *