करनाल, 23 जून।  स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी नीलोखेड़ी ने तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान तथा नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आई आई टी रोपड़  के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस समझौते के अंतर्गत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, फैकल्टी विकास कार्यक्रम, छात्र इंटर्नशिप, तकनीकी कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा ज्ञान-साझाकरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगीं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्विक अनुभव के लिए अवसर प्रदान करना और पारस्परिकता, सर्वोत्तम प्रयास, पारस्परिक लाभ तथा निरंतर बातचीत के आधार पर ज्ञान की उन्नति को सुविधाजनक बनाना है। इससे एसआईईटी नीलोखेड़ी के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों और उच्च स्तरीय अनुसंधान सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विनिमय छात्रों की अध्ययन अवधि सिद्धांत रूप में अधिकतम एक  वर्ष होगी। विनिमय छात्रों की संख्या मेजबान संस्थान के प्रति शैक्षणिक वर्ष में प्रति शाखा अधिकतम पांच  होगी। इससे हमारे संस्थान के फाइनल ईयर के  प्रति वर्ष 30 विद्यार्थियों को आईआईटी रोपड़  में नवाचार का लाभ मिलेगा। विनिमय छात्रों का चयन गृह संस्थान और मेजबान संस्थान के बीच पारस्परिक समझौते द्वारा किया जाएगा। एक विनिमय छात्र को उसके गृह संस्थान में पूर्णकालिक डिग्री चाहने वाले छात्र के रूप में माना जाता रहेगा।
इस  कार्यक्रम के तहत  स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर के छात्रों को अधिकतम एक वर्ष की अवधि के लिए मेजबान संस्थान में अध्ययन या शोध करने का अवसर मिलेगा और बाहरी फंडिंग एजेंसियों द्वारा प्रायोजित अनुसंधान, विकास और परामर्श कार्यक्रमों में सहयोग करने के लिए दोनों परिसरों के संकाय सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन को साकार रूप देने तथा इसे सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य तक पहुंचाने में अनेक गणमान्य व्यक्तियों का विशेष योगदान रहा। विशेष रूप से हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रोत्साहन ने इस पहल को मजबूत आधार प्रदान किया। इसके अतिरिक्त श्री ए.के. सिंह (अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, हरियाणा) के मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक सहयोग ने इस सहयोग को मूर्त रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी प्रकार प्रभजोत सिंह महानिदेशक तकनीकी शिक्षा हरियाणा के सतत प्रयासों एवं समन्वय ने दोनों संस्थानों के मध्य सहयोग की संभावनाओं को वास्तविकता में परिवर्तित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रो (डॉ0) राजीव आहूजा डायरेक्टर आईआईटी रोपड़ के शैक्षणिक दृष्टिकोण, अनुसंधान उत्कृष्टता तथा नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता ने इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा प्रदान की। साथ ही, प्रो (डॉ0) अनिल कुमार रोज डायरेक्टर-प्रिंसिपल एस आई ई टी नीलोखेड़ी एवं प्रो (डॉ0) सी सी रेड्डी विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग  आई आई टी रोपड़ के अथक प्रयासों, दूरदर्शी सोच एवं समर्पित नेतृत्व के परिणामस्वरूप यह सहयोगात्मक पहल सफलतापूर्वक आकार ले सकी। उनके निरंतर प्रयासों से दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक, अनुसंधान एवं नवाचार संबंधी सहयोग के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
सभी सम्मानित व्यक्तियों के सामूहिक सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रतिबद्धता के फलस्वरूप यह समझौता केवल एक औपचारिक दस्तावेज न रहकर विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों के लिए ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार तथा कौशल विकास के नए अवसरों का द्वार बनकर उभरा है। यह साझेदारी भविष्य में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा हरियाणा एवं देश के युवाओं को वैश्विक स्तर की शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा। दोनों संस्थान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और सतत इंजीनियरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, अनुसंधान संस्कृति को सशक्त बनाने तथा तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह एमओयू एसआईईटी नीलोखेड़ी के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा संस्थान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को और मजबूत करेगा। यह समझौता ज्ञापन दोनों संस्थानों के बीच अभी  पांच साल के लिए हस्ताक्षरित हुआ और यह कार्यक्रम आगे भी जारी हो सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *