करनाल, 23 जून।   बच्चों में छिपी प्रतिभा को उभारने व उनके सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में 30 जून तक ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी ने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर में 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों को योग्य प्रशिक्षकों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट मुकेश शर्मा, योगा क्लास गुंजन, नृत्य रायना एवं अबेकस गरिमा भारद्वाज द्वारा सिखाई जा रही है। इस वर्ष शिविर में बच्चों की गतिविधियों के अलावा लड़कियों एवं महिलाओं के लिए फैशन डिजाइनिंग एवं ब्यूटी केयर की भी गतिविधि को सम्मिलित किया गया है जिसमे महिलाएं बढ़-चढ़ कर भाग ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर की सभी गतिविधियों में अभी तक जिला के लगभग 200 बच्चों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। ये रूचि-कक्षाएं बाल भवन के प्रांगण में प्रात: 9.00 बजे से दोपहर 12.30  बजे तक लगाई जा रही हैं। शिविर में प्रत्येक बच्चा अपनी रूचि के अनुसार किसी भी गतिविधि में भाग लेकर खेल- खेल में अपनी प्रतिभा को निखार रहा है। शिविर में आने वाले सभी बच्चों को अल्पाहार दिया जाता है तथा शरबत की छबील लगाई गई। आज आयोजित शिविर मेंं 155 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि निजी स्कूलों के बच्चों के समान ही सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले, बाल गृहों के बच्चे तथा झुग्गी-झोपडिय़ों में रहने वाले बच्चों को इन शिविरों में आकर अपनी रुचि अनुसार प्रतिभा को निखारने-सवांरने का अवसर दिया जा रहा है।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे इस शिविर में अपने बच्चों को उनकी रूचि की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग दिलवाएं व उनके बचपन का आनंद उठाने व सर्वांगीण विकास करने में उनके सहायक बनें, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे जिला बाल कल्याण परिषद्, करनाल द्वारा आयोजित इस ग्रीष्मकालीन शिविर का पूरा लाभ उठा सकें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *