करनाल, 23 जून। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का जल्द ही विस्तार होगा, जिससे यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुगम रेल सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। इस संबंध में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर करनाल की जनता की ओर से रेलवे सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक ट्रेनों के ठहराव तथा स्टेशन के समग्र विकास के लिए आग्रह किया गया था।
विधायक ने बताया कि इसी विषय पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी गंगापुरम भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल का सांसद होने के नाते रेलवे स्टेशन करनाल से संबंधित जनहित के महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से सांझा किया और कई आवश्यक रेलगाडिय़ों के करनाल में ठहराव, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु लिफ्ट की व्यवस्था तथा यात्रियों के लिए अन्य आवश्यक एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर सकारात्मक चर्चा की।
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इन सभी मांगों को केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष गंभीरता से रखा। उन्होंने कहा कि यह प्रयास करनाल को आधुनिक, सुविधा संपन्न एवं विकसित रेलवे अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। करनाल की जनभावनाओं एवं जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों को केंद्र सरकार तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने तथा उन्हें प्राथमिकता देने के लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया।
