घरौंडा में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
करनाल, 21 जून। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वाधान में घरौंडा की अनाज मंडी में रविवार को उपमंडल स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर करनाल से विधायक जगमोहन आनंद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एसडीएम राजेश सोनी नेे विधायक का स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, योग प्रशिक्षकों एवं आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर एवं संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक तनाव कम होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देशों में लोग भारतीय योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गांव-गांव में योगशालाएं एवं व्यायामशालाएं स्थापित की जा रही हैं तथा योग शिक्षकों एवं योग सहायकों के माध्यम से जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि करोगे योग, रहोगे निरोग केवल एक नारा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है|
